लखनऊ में गणेश पूजा पंडाल पर कुछ युवकों ने पथराव किया। आरती के वक्त 20-25 युवक पहुंचे। उन्होंने देखते-देखते ईंट और पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। ईंट लगने से भगवान गणेश का कलश टूट गया। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने चिनहट थाना घेर लिया। लोगों ने जमकर हंगामा किया। अफसरों ने मुश्किल से भीड़ को शांत कराया।
फिलहाल, पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। पूरा मामला चिनहट इलाके का है।
अल्लाह हू अकबर के नारे लगाए, जान से मारने की धमकी दी
गंगा विहार कॉलोनी की रहने वाली किरन चौरसिया कई सालों से गणेश चतुर्थी पर गणेश प्रतिमा की स्थापना करती हैं। उनका आरोप है- 7 सितंबर को उन्होंने घर पर गणेश पंडाल लगवाया। अगले दिन यानी 8 सितंबर को इलाके में रहने वाले मुस्लिम युवक आरती के वक्त आए। उन्होंने पूजा में बाधा डालने की कोशिश की। आरोपियों ने अल्लाह हू अकबर के नारे लगाए। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।
DCP शशांक सिंह ने कहा- गंगा विहार कॉलोनी की किरन चौरसिया ने थाने में शिकायत की। उन्होंने बताया- उनकी गणेश पूजा में कुछ लड़कों ने बाधा डालने की कोशिश की। घटना का संज्ञान लेते हुए अफसर मौके पर गए।

उन्होंने कहा- मुकदमा दर्ज कर लिया है। मौके पर शांति है। किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं है। शुरुआती जांच में पता चला है कि विशेष समुदाय के लोगों ने घटना को अंजाम दिया। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



