लखनऊ नगर निगम के जोन-6 में एलआईसी टीम द्वारा कर्मचारियों के साथ बदसलूकी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। आरोप है कि एलआईसी टीम ने न केवल नगर निगम के पुरुष कर्मचारियों से अभद्रता की बल्कि महिला कर्मचारियों से भी बदतमीजी की। इस घटना से नाराज नगर निगम के सभी कर्मचारी चौक कोतवाली में जमा होकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। कर्मचारियों ने मांग की है कि एलआईसी टीम के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। नगर निगम के एक कर्मचारी ने बताया कि एलआईसी टीम बिना किसी पूर्व सूचना के आई और कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करने लगी। महिलाओं के साथ किए गए बर्ताव को लेकर नाराजगी है।
प्रदर्शनकारी कर्मचारी दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि यह बर्दाश्त से बाहर है और जल्द ही उच्च अधिकारियों को इस मामले की जानकारी देकर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



