LucknowNews: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार का किसानों के साथ बर्बर व्यवहार निन्दनीय है। पहले तो भाजपा ने किसानों के साथ झूठे वादे करके धोखा दिया अब अपनी मांगों को लेकर राजधानी दिल्ली जा रहे किसानों पर आसूं गैस के गोले और लाठियां बरसा कर भाजपा सरकार ने बर्बरता की हद पार कर दी। किसानों के साथ हमेशा से भाजपा सरकारों का रवैया इसी तरह से दुर्व्यवहार और अत्याचार करने का रहा है।
BJP सरकार किसानों की आवाज दबा रही
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की आवाज दबा रही है। किसानों की आवाज कुचलने के लिए पुलिस प्रशासन के माध्यम से भाजपा सरकार जो कुछ कर सकती है वह सब कर रही है। भाजपा सरकार किसानों को एमएसपी नहीं देना चाहती है। पूंजीपतियों और मुनाफा कमाने वालों से मिली हुई है। आगे उन्होंने कहा कि किसानों को रोकने के लिए भाजपा सरकार ने सड़क पर कीलें लगा दी, दीवार खड़ी कर दी, रास्तों पर कटीले तार लगा दिए।
जब सरकार इन सब तिकड़मों से किसानों के हौसले को नहीं रोक पायी तो बर्बरता करते हुए सारी हद पार कर दी है। पूरी दुनिया भाजपा की दमनकारी नीतियों को देख रही है। भाजपा ने देश के लोकतंत्र की सड़क खोद दी है। स्वतंत्रता की राह में जो कटीले तार बिछाए है। उनसे पूरी दुनिया में देश की छवि तार-तार हो गयी है।



